“प्रदेश के 700 थानों में महिला डेस्क का शुभारंभ”
A.L.Mandoriya
मध्य-प्रदेश पुलिस व्दारा प्रदेश के 700 पुलिस थानों में ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जा रही हैं। जिसका शुभारंभ दिनांक 31 मार्च 2021 को एन.आई.सी. के माध्यम से माननीय न्यायाधिपति श्री प्रकाश श्रीवास्तव व्दारा किया जावेगा।
शुभारंभ समारोह में जिले के एनआईसी सेन्टर पर जिले के कलेक्टर महोदय, पुलिस अधीक्षक महोदय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक महिला प्रकोष्ठ, एसडीओपी तथा अन्य पुलिस अधिकारीगण के साथ ही जिले के जिला विधिक प्राधिकरण, महिला बाल विकास, वन स्टॉप सेन्टर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आश्रय गृह, आब्जरवेशन होम, बालक गृह आदि के प्रभारी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन विभाग, बाल कल्याण समिति, जिले में कार्यरत एनजीओ आदि भी उपस्थित रहेंगे। इसी तारतम्य में झाबुआ जिले के सभी 09 थाने भी सम्मिलित हैं।
“ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क” का मुख्य उद्देश्य पुलिस थानों को महिलाओं के अनुकूल और सुलभता से पहुँच योग्य बनाने तथा वांछित सहयोग प्रदान करना तथा बलात्संग, मानव दुर्व्यापार, शीलभंग, अपहरण/व्यपहरण, महिला एसिड अटैक, घरेलू हिंसा, आत्महत्या के लिये दुष्प्रेऱण, भ्रूणहत्या आदि असंज्ञेय अपराध, महिला संबंधी प्राप्त शिकायतों का निराकरण करने हेतु प्रथम संपर्क बिन्दू के रूप में स्थापित किया गया हैं जो महिलाओं से संबंधित विषयों को संपादित करने हेतु थाने के अभिन्न अंग के रूप में कार्य करेगा। “ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क” के संबंध में झाबुआ जिले में पूर्व में ही तैयारी की जा चुकी हैं। जिला पुलिस झाबुआ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं उनके लिए सुरक्षित वातावरण निर्मित करने हेतु प्रतिबध्द हैं, और “ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क” इसी दिशा में एक सकारात्मक कदम हैं। “ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क” का संचालन महिला उप निरीक्षक व्दारा किया जावेगा।
AM-LIVE NEWS MADHYA PRADESH